चमोली जिले के पीपलकोटी में निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
अब तक 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। इनमें 13 घायलों का उपचार जिला अस्पताल गोपेश्वर में चल रहा है, जबकि एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर श्रीनगर रेफर किया गया है।
वहीं, टनल के भीतर अभी 3 लोग फंसे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव दल लगातार प्रयास कर रहे हैं। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
घटना के बाद प्रशासन के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल मौके पर डटे हुए हैं।
टनल के भीतर फंसे लोगों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
प्रशासन की ओर से रेस्क्यू अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, प्राथमिकता टनल में फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है।